Joginder Singh Mann
Mansa, October 12
पंजाब में जालन्धर के टांडा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की गाड़ी को तोड़ने की घटना को अखिल भारतीय किसान महासभा ने देश के वर्तमान शांतप्रिय किसान आंदोलन को भटकाने की कोशिश करार दिया है। किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि किसान संगठनों ने किसान विरोधी कानून पास करने वाले भाजपा और उसके सहयोगियों के सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया है। इस सामाजिक बहिष्कार और शांतिपूर्ण घेराव आंदोलन में हिंसा व तोड़फोड़ की कोई जगह नहीं है। यह किसानों की सामूहिक सामाजिक कार्यवाही है।
किसान आंदोलन के समर्थन में मानसा पहुंचे कामरेड पुरुषोत्तम शर्मा ने पंजाब सहित देश भर में आंदोलित किसान संगठनों को आगाह किया कि वे भाजपा-आरएसएस द्वारा किसान आंदोलन के बीच घुसाए जा रहे अराजक तत्वों पर खास निगाह रखें। उन्होंने कहा कि देश के किसानों की चट्टानी एकता से घबराई भाजपा अब किसान आंदोलन में अराजकता फैलाने का षड़यंत्र रच सकती है। इसके जरिये वह किसान आंदोलन को बदनाम करने और उसका दमन करने का अवसर तलास रही है।